दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।
हजारीबाग में आयोजित 5वीं झारखंड स्टेट ओपन जेवलिन थ्रो प्रतियोगिता-2026 में जामताड़ा की प्रतिभाशाली एथलीट सविता मुर्मू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-20 बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से जिले के खेलप्रेमियों और खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता में सविता ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी सफलता ने जामताड़ा जिले को राज्य स्तर पर गौरवान्वित किया है। सविता की इस उपलब्धि को जिले में उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। जामताड़ा जिला एथलेटिक्स संघ के जिला सचिव सरोज यादव ने सविता मुर्मू की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि सविता ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। सरोज यादव ने सविता के कोच छोटेलाल को भी बधाई देते हुए उनके मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी की सफलता के पीछे उसके निरंतर अभ्यास के साथ-साथ प्रशिक्षक का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने सविता मुर्मू के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जामताड़ा का नाम रोशन करेंगी। सविता की सफलता पर जिले के खेलप्रेमियों और खिलाड़ियों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।