कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद के सेक्टर-17 क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी
केंद्र व राज्य सरकार की विकास योजनाओं को गति देते हुए औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के विकास को नया आयाम देने की दिशा में बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। करीब 2700 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों से शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत किया जाएगा, जिससे फरीदाबाद के विकास को चार चांद लगने की उम्मीद है।
इसी कड़ी में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद के सेक्टर-17 क्षेत्र में करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि सरकार शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सड़कों, सीवरेज, जल निकासी व अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि प्री-मानसून तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से शहरवासियों को राहत दिलाने के लिए नालों की सफाई, ड्रेनेज सिस्टम के सुदृढ़ीकरण तथा पंपिंग व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस बार फरीदाबाद वासियों को बरसाती पानी की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा।
इसके साथ ही शहर को बाढ़ मुक्त बनाने की दिशा में भी युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। जल निकासी के स्थायी समाधान के लिए दीर्घकालिक योजनाएं तैयार की गई हैं, ताकि भविष्य में किसी भी आपदा जैसी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
औद्योगिक विकास को लेकर मंत्री ने कहा कि औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में मदर यूनिट स्थापित करने के विकल्पों की तलाश की जा रही है, जिससे स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
वहीं हरियाणा के आगामी बजट को लेकर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने मुख्यमंत्री को महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में सर्विस इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए जाने चाहिए, ताकि निवेश आकर्षित हो और युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर सृजित हो सकें।
मंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों से आने वाले समय में फरीदाबाद प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख विकसित औद्योगिक शहरों में शुमार होगा।
बाइट = कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल हरियाणा
Raftaar Media | सच के साथ