फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम | गर्मी की छुट्टियों को रचनात्मक, संस्कारमय एवं सर्वांगीण विकास से जोड़ने के उद्देश्य से सनसिटी, सेक्टर 54, गुरुग्राम में सनसिटी रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से चार दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ किया गया। इस शिविर में लगभग 50 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों के व्यक्तित्व विकास, रचनात्मकता, नैतिक मूल्यों तथा सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित यह शिविर सीखने, मनोरंजन और संस्कारों का एक सुंदर संगम है।

समर कैंप का उद्घाटन मुख्य अतिथियों सुरेन्द्र पाल जी, सचिव जनरल, सनसिटी रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन , अभिमन्यु खन्ना, उपाध्यक्ष , डॉ. किरण कुकरेजा (जनरल फिजिशियन), डॉ. रोहित प्रकाश वर्मा (प्रबंधक, एसबीआई बैंक, सेक्टर-54, गुरुग्राम), बीके भावना तथा डॉ. राशि (कपूर्स सेफ हैंड्स डेंटल एंड हेल्थ केयर सेंटर) द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं मंगल शुभकामनाओं के साथ किया गया। अतिथियों ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे इस शिविर का अधिकतम लाभ उठाएं, नए कौशल सीखें, सकारात्मक मूल्यों को अपनाएं तथा अपने व्यक्तित्व का समग्र विकास करें।

कार्यक्रम की शुरुआत “डेली सोइंग सीड्स ऑफ पुण्य कर्म” विषय पर एक प्रेरणादायक सत्र के साथ हुई, जिसमें बच्चों को अच्छे कर्मों के महत्व तथा सकारात्मक विचारों के प्रभाव के बारे में बताया गया। इस अवसर पर एक प्रेरक वीडियो भी प्रदर्शित किया गया, जिसने बच्चों को दया, सहयोग, करुणा और जिम्मेदारी जैसे गुणों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। इसके पश्चात “पुण्य कर्म” विषय पर एक रोचक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधि आयोजित की गई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए यह समझा कि किस प्रकार छोटे-छोटे सकारात्मक कार्य समाज और स्वयं के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।
दिन का प्रमुख आकर्षण “रिस्पेक्टिंग मदर अर्थ” (मातृ पृथ्वी का सम्मान) विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता रही। बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति प्रेम और सतत विकास के संदेश को अपने चित्रों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को अल्पाहार भी प्रदान किया गया, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह और आनंद बना रहा।

समर कैंप का प्रथम दिवस ज्ञान, संस्कार, रचनात्मकता और मनोरंजन का एक अद्भुत संगम सिद्ध हुआ। बच्चों की सक्रिय सहभागिता और उत्साह ने कार्यक्रम की सफलता को और अधिक सार्थक बना दिया। आगामी तीन दिनों में भी बच्चों और अभिभावकों के लिए अनेक रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। 5 जून को बच्चों के लिए संगीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी तथा “डिजिटल वेलनेस” विषय पर एक विशेष सत्र रखा जाएगा, जिसमें बच्चों को डिजिटल उपकरणों के संतुलित एवं सकारात्मक उपयोग तथा स्वस्थ डिजिटल आदतों के बारे में मार्गदर्शन दिया जाएगा।

“आर्ट ऑफ पैरेंटिंग” कार्यक्रम व मैजिक शो

6 जून को “सशक्त परिवार, सशक्त राष्ट्र” विषय पर विशेष “आर्ट ऑफ पैरेंटिंग” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस सत्र का संचालन लंदन (यू.के.) से पधारी वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका एवं प्रेरक वक्ता बीके गोपी दीदी द्वारा किया जाएगा। वे अभिभावकों एवं वरिष्ठ परिवारजनों को पारिवारिक मूल्यों, प्रभावी संवाद, प्रेमपूर्ण संबंधों, तनाव प्रबंधन तथा बच्चों के संस्कार निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगी। यह सत्र मजबूत परिवारों के निर्माण के माध्यम से सशक्त राष्ट्र निर्माण के संदेश को आगे बढ़ाएगा।
7 जून को समर कैंप के समापन अवसर पर बच्चों के लिए एक मनोरंजक मैजिक शो आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन होगा, जिसमें कैंप के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

प्रथम दिवस अत्यंत सफल, प्रेरणादायक

समर कैंप का प्रथम दिवस अत्यंत सफल, प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक रहा। बच्चों में सीखने की जिज्ञासा, सकारात्मक ऊर्जा और रचनात्मक प्रतिभा स्पष्ट रूप से दिखाई दी। आने वाले दिनों में आयोजित होने वाली विविध शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं मूल्य आधारित गतिविधियाँ इस समर कैंप को बच्चों और उनके परिवारों के लिए एक अविस्मरणीय एवं समृद्ध अनुभव बनाने का कार्य करेंगी।