विभूति सिंह/भागलपुर

बीते मध्य रात्रि में प्राप्त एक सूचना के आलोक में नगर पुलिस अधीक्षक श्री शैलेन्द्र सिंह द्वारा बाइपास सड़क के समीप यातायात व्यवस्था की जांच व चेकिंग की गई।प्राथमिक जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि 3-4 होमगार्ड एवं पुलिसकर्मी मिलकर ट्रकों के यातायात का नियंत्रण कर रहे थे।इसी दौरान कुछ ट्रक चालकों एवं वाहन मालिकों द्वारा शिकायत मिली कि संबंधित पुलिसकर्मी यातायात नियंत्रण की आड़ में ट्रक चालकों से ₹200 की अवैध वसूली भी कर रहे हैं। प्राप्त शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले की जांच कराई गई तथा संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका के संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव को प्रतिवेदन समर्पित किया गया। उक्त प्रतिवेदन के आलोक में वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा बाइपास थाना अध्यक्ष सहित कुल 4 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।जांच में जो भी तथ्य एवं साक्ष्य सामने आएंगे उनके आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरूद्ध विधिसम्मत एवं विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।