कोलकाता (बेलघरिया): 70 करोड़ रुपये के जाली नोट के साथ बेলघरिया के दंपति को नेपाल की खुफिया एजेंसी ने किया गिरफ्तार
कोलकाता के बेलघरिया इलाके के एक दंपति को नेपाल खुफिया एजेंसी ने 70 करोड़ रुपये के जाली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार दंपति की पहचान दीपा धर और उनके पति अरिंदम धर के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, दीपा धर कोलकाता के कमरहाटी नगरपालिका के 21 नंबर वार्ड के अंतर्गत बेलघरिया के सरदतपल्ली इलाके के एक आवास में रहती थीं। उनकी शादी दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर के हरिनावी इलाके के निवासी अरिंदम धर से हुई थी।वर्ष 2024 में दोनों नेपाल चले गए थे। नेपाल पुलिस की खुफिया शाखा ने दंपति को करीब 70 करोड़ रुपये के जाली नोट के साथ गिरफ्तार किया। खुफिया अधिकारियों के अनुसार, यह दंपति विभिन्न व्यवसायियों को वीडियो कॉल के जरिए जाली नोट दिखाकर निवेश के नाम पर ठगी करता था। वे लोगों को अलग-अलग कंपनियों में पैसा निवेश कर उसे दोगुना करने का लालच देते थे। जांच अधिकारियों ने आरोपियों के पास से लोहे के ट्रांक में भरी नकदी, 12 मोबाइल फोन और एक लग्जरी कार भी बरामद की है। नेपाल की खुफिया एजेंसी ने अरिंदम धर और दीपा धर समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक व्यक्ति नेपाल का नागरिक बताया जा रहा है। फिलहाल जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में जाली नोट कहां से आए और इस गिरोह के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Raftaar Media | सच के साथ