सरायकेला: सरायकेला नगर पंचायत कार्यालय में पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में स्थायी सुधार को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में संयुक्त समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता लालजी महतो, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता ललित जी, कनीय अभियंता प्रकाश गुप्ता सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।बैठक में WTP में बार-बार मोटर जलने, विद्युत आपूर्ति बाधित होने, प्रभावित क्षेत्रों तक पानी पहुंचाने तथा WTP-ESR के रखरखाव की समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने मोटर खराब होने के मूल तकनीकी कारणों की जांच कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अभियंताओं के सुझाव पर WTP में दो 90 HP मोटर और आधुनिक सुरक्षा सुविधाओं से युक्त हाईटेक इलेक्ट्रिकल पैनल लगाने की दिशा में कार्रवाई तेज करने को कहा गया।लंबे समय से पेयजल संकट झेल रहे क्षेत्रों में राइजिंग पाइप के माध्यम से जलापूर्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। वहीं, बिजली कटौती के दौरान जलापूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए डीएमएफटी फंड से 320 KVA जेनरेटर लगाने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया गया।
अध्यक्ष ने WTP और ESR की नियमित मॉनिटरिंग, मरम्मत व रखरखाव पर जोर देते हुए कहा कि वर्षों पुरानी समस्या का पैचवर्क नहीं, बल्कि स्थायी समाधान लक्ष्य है। उन्होंने विद्युत और पेयजल विभाग के अभियंताओं को आपसी समन्वय से कार्य करने का निर्देश दिया।