दुमका- भारतीय जनता पार्टी के द्वारा जरमुंडी प्रखंड में आगामी चुनावों के मद्देनजर विशेष गहन पुनरीक्षन कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर पर मतदाता सूची की समीक्षा, नए वोटर्स को जोड़ना और संगठन को मजबूत करना रहा। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश कुमार मंडल ने की।
मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव बूथ स्तर से ही जीता जाता है, इसलिए प्रत्येक योग्य मतदाता का नाम सूची में जुड़वाना सुनिश्चित करें। वहीं जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर ने वर्तमान हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता इस सरकार के पेपर लीक, भ्रष्टाचार और कुशासन से त्रस्त है। भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाकर जनता के बीच विकास की बात रखेंगे।पूर्व सांसद व प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के सेवाकाल को सुशासन और जनकल्याण के लिए समर्पित बताया। उन्होंने राम मंदिर निर्माण, धारा 370 की समाप्ति और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं को ऐतिहासिक कदम बताया। जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने कहा कि झामुमो-कांग्रेस सरकार ने सिर्फ योजनाओं के नाम बदले हैं, जबकि मोदी सरकार ने बिचौलियों को खत्म कर सीधे जनता तक लाभ पहुंचाया है।
कार्यशाला में उपस्थित बीएलए और शक्ति केंद्र प्रभारियों को वोटर वेरिफिकेशन ऐप के उपयोग और मतदाता सूची की जांच का प्रशिक्षण दिया गया। अंत में सभी ने 'हर बूथ, भाजपा बूथ' के संकल्प के साथ संगठन को मजबूत करने की शपथ ली। इस मौके पर सीताराम पाठक, रविकांत मिश्रा, गौरव कांत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।