फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम 13 जून । 29 मई को अपराध शाखा सेक्टर-31, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने 32 माइलस्टोन सर्विस रोड, सेक्टर-15, गुरुग्राम से एक व्यक्ति को अवैध हथियार सहित काबू किया । आरोपी की पहचान योगेश उर्फ हर्ष निवासी गांव काकरिया, जिला इटावा (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी गांव गढ़ाईपुर, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई थी। आरोपी के कब्जा से 03 अवैध देशी पिस्टल बरामद होने पर उसके विरुद्ध शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत पुलिस थाना सिविल लाइन, गुरुग्राम में अभियोग अंकित किया गया था।

अपराध शाखा सेक्टर-31, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने उपरोक्त अभियोग में आगामी कार्यवाही करते हुए आरोपी योगेश को अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी जसबीर निवासी गांव बोझा, जिला मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) तथा अवैध हथियार बनाने वाले आरोपी जगत सिंह निवासी गांव सिंघाना, जिला धार (मध्य प्रदेश)* को दिनांक 09.06.2026 को जिला धार (मध्य प्रदेश) से गिरफ्तार किया था। पुलिस टीम द्वारा दिनांक 10.06.2026 को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां आरोपी जसबीर को न्यायिक हिरासत में भेजा गया तथा आरोपी जगत सिंह को 04 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।

पुलिस पूछताछ व रिमांड के दौरान आरोपी जगत सिंह ने खुलासा किया कि बरामद अवैध हथियार उसी द्वारा तैयार किए गए थे तथा उसने ये हथियार आरोपी जसबीर को लगभग 60,000 रुपये में उपलब्ध कराए थे। आरोपी ने यह भी बताया कि वह पिछले लगभग 30 वर्षों से अवैध हथियार बनाने का कार्य कर रहा है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री के संबंध में जानकारी दी, जो गांव सिंघाना, जिला धार (मध्य प्रदेश) की पहाड़ियों में बने एक कमरे में संचालित की जा रही थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम उसे जिला धार (मध्य प्रदेश) लेकर गई, जहां से अवैध हथियार बनाने में प्रयुक्त उपकरण, पुर्जे तथा अन्य सामान बरामद किया गया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अवैध पिस्टल व कट्टे तैयार करके उन्हें 15,000 रुपये से 20,000 रुपये प्रति हथियार के हिसाब से बेचता था।

पुलिस टीम द्वारा आरोपी जगत सिंह के कब्जा/निशानदेही से 03 अवैध पिस्टल, 01 मैगजीन तथा अवैध हथियार बनाने में प्रयुक्त विभिन्न उपकरण व पुर्जे बरामद किए गए हैं। आरोपी जगत सिंह के खिलाफ अवैध हथियार रखने व उपलब्ध कराने जैसे अपराध करने के संबंध में 13 से अधिक अभियोग राजस्थान, गुजरात, हरियाणा व दिल्ली में पहले भी अंकित हैं। पुलिस टीम द्वारा अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जा रही है।