दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, जिला शाखा जामताड़ा के बैनर तले शुक्रवार को अनुबंध एवं आउटसोर्सिंग स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष नवल सिंह ने किया।धरना में राज्य अध्यक्ष अरविंद प्रसाद, सदस्य बैजू झा,मनोज कुमार, पंकज मंडल, अनिल सिंह, बबीता साहा, झूमा गण, खुशबू गुप्ता, राहुल तिवारी समेत बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी शामिल हुए। धरना के दौरान कर्मियों ने वेतन भुगतान, सेवा सुरक्षा, लंबित समस्याओं के समाधान तथा एएनएम-जीएनएम संघ की जिला अध्यक्ष रेखा कुमारी के निधन से जुड़े मामलों समेत 14 सूत्री मांगों को प्रमुखता से उठाया। राज्य अध्यक्ष अरविंद प्रसाद ने कहा यह केवल जामताड़ा का नहीं बल्कि पूरे राज्य का आंदोलन है। झारखंड के सभी जिलों में सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। यदि सरकार हमारी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज करते हुए अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। संघ की सदस्य झूमा गण ने कहा स्वास्थ्य कर्मी लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। समय पर वेतन और सेवा संबंधी अधिकार मिलना हमारा अधिकार है। वहीं बबीता शाहा ने कहा कि अनुबंध एवं आउटसोर्सिंग कर्मियों के भविष्य को सुरक्षित करने तथा लंबित मांगों का समाधान करने के लिए सरकार को तत्काल कदम उठाने चाहिए। धरना के दौरान कर्मियों ने स्पष्ट किया कि इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर अन्य कार्य प्रभावित रहे और मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।