दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 

शनिवार दोपहर बाद जामताड़ा समेत आसपास के क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ली।तेज आंधी, गरज-चमक और मूसलाधार बारिश से लोगों को कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया और तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, तेज बारिश ने नगर पंचायत की जल निकासी व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर कर दिया। शहर के कोर्ट मोड़, स्टेशन रोड, सुभाष चौक सहित कई प्रमुख इलाकों में सड़कों पर  पानी भर गया। नालियों का पानी सड़क पर आ जाने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के साथ आई तेज आंधी और वज्रपात के कारण जिले की बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई। कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर बिजली तारों पर गिर गईं, जिससे तार क्षतिग्रस्त हो गए। सुरक्षा के मद्देनजर बिजली विभाग ने कई इलाकों की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी।घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए परेशानी झेलनी पड़ी। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मौसम सामान्य होने के बाद पेट्रोलिंग टीमों को फॉल्ट खोजने और मरम्मत कार्य में लगाया गया है। क्षतिग्रस्त तारों और उपकरणों को दुरुस्त कर जल्द बिजली बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं प्रशासनिक तैयारियों की भी पोल खोल दी।