पताही, पूर्वी चंपारण।
महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार सरकार के निर्देशानुसार बुधवार को पताही प्रखंड में जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं के साथ विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, महिला अधिकारों एवं सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें सामाजिक, आर्थिक और कानूनी रूप से सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक वीरेंद्र राम ने महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं तक योजनाओं की सही जानकारी पहुंचाना तथा उन्हें इनका लाभ दिलाना विभाग की प्राथमिकता है।
जिला मिशन समन्वयक (डीएचईडब्ल्यू) निधि कुमारी ने महिलाओं के लिए उपलब्ध जिला स्तरीय सहायता सेवाओं की जानकारी दी। वहीं जेंडर विशेषज्ञ निर्भय कुमार ने लैंगिक समानता, महिला सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों पर प्रकाश डाला। वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ रितेश कुमार ने जीविका दीदियों को बचत, बैंकिंग सेवाओं के उपयोग, वित्तीय प्रबंधन, स्वरोजगार तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन-181 की उपयोगिता पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, मानसिक या शारीरिक प्रताड़ना जैसी परिस्थितियों में महिलाएं टोल-फ्री नंबर 181 पर कॉल कर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
इसके अलावा पंचायत स्तर पर संचालित ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल के माध्यम से गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि अंतिम पंक्ति की महिला भी सरकारी सुविधाओं का लाभ उठा सके