logo

Shardiya Navratri 2025: 21 या 22 सितंबर, कब से शुरू हो रहा है शक्ति उपासना का पर्व, यहां दूर करें अपना कंफ्यूजन

नई दिल्ली:  हर वर्ष आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से नवमी तिथि तक मनाया जाने वाला शारदीय नवरात्रि का पर्व देवी दुर्गा को समर्पित होता है। नौ दिनों तक चलने वाला यह पर्व श्रद्धा, शक्ति और साधना का प्रतीक माना जाता है। इन दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है और उपवास रखा जाता है। इस व्रत को करने से साधक की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख, समृद्धि तथा सौभाग्य की वृद्धि होती है।

इस वर्ष यानी 2025 में शारदीय नवरात्र 22 सितंबर से आरंभ हो रहा है। आइए जानते हैं इसकी तिथियां, घटस्थापना मुहूर्त और पूजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी।

शारदीय नवरात्रि 2025 तिथि और दशहरा कब है?
पंचांग के अनुसार, 22 सितंबर 2025 को रात 01:23 बजे से आश्विन शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि आरंभ होगी, जो 23 सितंबर को रात 02:55 बजे तक रहेगी। चूंकि सनातन परंपरा में तिथि की गणना सूर्योदय से की जाती है, अतः शारदीय नवरात्रि की शुरुआत सोमवार, 22 सितंबर से मानी जाएगी।

नवमी तिथि: 01 अक्टूबर 2025 (बुधवार)

विजयदशमी (दशहरा): 02 अक्टूबर 2025 (गुरुवार)

घटस्थापना मुहूर्त 2025
नवरात्रि की शुरुआत घटस्थापना के साथ होती है, जिसे शुभ मुहूर्त में करना अत्यंत आवश्यक होता है।

मुख्य घटस्थापना मुहूर्त: सुबह 06:09 बजे से 08:06 बजे तक

अभिजीत मुहूर्त (वैकल्पिक): सुबह 11:49 बजे से दोपहर 12:38 बजे तक

इन समयों के भीतर साधक कलश स्थापना कर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना प्रारंभ कर सकते हैं।

शारदीय नवरात्रि 2025 पूजा कैलेंडर
तारीख दिन मां दुर्गा का स्वरूप
22 सितंबर सोमवार मां शैलपुत्री
23 सितंबर मंगलवार मां ब्रह्मचारिणी
24 सितंबर बुधवार मां चंद्रघंटा
25 सितंबर गुरुवार मां कूष्मांडा
26 सितंबर शुक्रवार मां स्कंदमाता
27 सितंबर शनिवार मां कात्यायनी
28 सितंबर रविवार मां कालरात्रि
29 सितंबर सोमवार मां महागौरी
01 अक्टूबर बुधवार मां सिद्धिदात्री

नवरात्र का महत्व
नवरात्र न केवल धार्मिक रूप से, बल्कि आध्यात्मिक साधना की दृष्टि से भी अत्यंत फलदायी माना जाता है। मां दुर्गा की उपासना से साधक को जीवन के संकटों से उबारने की शक्ति मिलती है। नवरात्र के नौ दिन उपवास, भक्ति, योग, ध्यान और आत्मनिरीक्षण के लिए उत्तम समय माना जाता है।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS