सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,अंचल निरीक्षक एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मुहर्रम पर्व 2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने, सोशल मीडिया पर सतत मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी अफवाह पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।अपराध समीक्षा के क्रम में लंबित कांडों के निष्पादन, वारंट एवं कुर्की के मामलों, महिलाओं से संबंधित अपराध, पॉक्सो एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को गंभीर मामलों में त्वरित अनुसंधान कर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने, पीड़ितों को न्याय दिलाने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों के निपटारे तथा जनसुरक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों को बेहतर पुलिसिंग, जनता के साथ संवाद बढ़ाने तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा और सभी पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ कार्य करें, ताकि जिले में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण कायम रहे।