सरिया/गिरिडीह।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एएसआई झारखंड चैप्टर एवं पंचवटी पहल के संयुक्त तत्वावधान में सरिया स्थित प्रसिद्ध पर्यटक एवं तीर्थ स्थल राजदाह धाम में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 51 जोड़ों ने मिलकर 51 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित नारायण तिवारी एवं प्रखंड प्रमुख प्रीति कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद परिसर में पीपल, बरगद, नीम, अमरूद, जामुन, आम, कटहल एवं अशोक सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर एएसआई झारखंड चैप्टर के सचिव डॉ. राजेश कुमार सिंह ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में वृक्षारोपण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। पेड़ न केवल ऑक्सीजन के प्रमुख स्रोत हैं, बल्कि वातावरण से हानिकारक प्रदूषकों को भी अवशोषित कर स्वच्छ वायु प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन, पशु-पक्षियों और संपूर्ण जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वस्थ पर्यावरण देना है, तो वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाना होगा।
कार्यक्रम में पंचवटी पहल के संस्थापक गोपाल चालन ओझा, जयप्रकाश वर्मा, राजेश जैन, पंकज अग्रवाल, पूर्व प्रमुख रामपति वर्मा, बाजार समिति अध्यक्ष संजय मोदी, परमेश्वर मोदी, सबलपुर मुखिया सुनीता कुमारी, रंजीत मंडल, रवि शेखर त्रिपाठी, डोमन प्रसाद, दयानिधि सिंह, डॉ. प्रेरणा प्रियंका, नीलम कुमारी, सरिता पांडे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संकल्प लिया। वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी एहसास कराया गया।