बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़:चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के ईचाडीह पंचायत के आदरडीह टांड टोला में वर्षों से सड़क सुविधा के अभाव से जूझ रहे ग्रामीणों की समस्या को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में जेएलकेएम के केंद्रीय सचिव गोपेश महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कुकड़ू अंचलाधिकारी से मुलाकात कर सड़क निर्माण में आ रही भूमि विवाद की बाधा को दूर करने की मांग की।
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि गांव तक पहुंचने के लिए पहले एक मार्ग उपलब्ध था, लेकिन चांडिल डैम का जलस्तर बढ़ने के कारण वह रास्ता जलमग्न हो गया। इसके बाद से ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं मरीजों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी विकट हो जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार प्रखंड प्रशासन को आवेदन दिया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। इसके बाद ग्रामीणों ने स्वयं पहल करते हुए आपसी सहयोग से मिट्टी सड़क निर्माण का प्रयास शुरू किया, किंतु संबंधित भूमि विवाद के कारण कार्य बीच में ही अटक गया।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे जेएलकेएम के केंद्रीय सचिव गोपेश महतो ने कहा कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित रहना ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या है। उन्होंने अंचल प्रशासन से भूमि विवाद का शीघ्र निष्पादन कर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और गांव का संपर्क सुगम हो सके। अंचलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान जेएलकेएम के केंद्रीय प्रवक्ता विद्रोही बिष्णु, आदित्य महतो, पूर्णशाशी महतो, कुकड़ू प्रखंड अध्यक्ष पीताम्बर महतो, सुरेश महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।