logo

होली पर्व पर उज्ज्वला योजना लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेण्डर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम आयोजित

 


ब्यूरो रफ़्तार मिडिया कुशीनगर: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को होली पर्व के अवसर पर निःशुल्क गैस सिलेण्डर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 28 फरवरी 2026 को अपराह्न 4:00 बजे लोकभवन, लखनऊ में मा० मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का भव्य एवं सजीव प्रसारण जनपद कुशीनगर के प्राथमिक विद्यालय (इंग्लिश मीडियम) सोहरौना में जनपद के उज्ज्वला योजना लाभार्थियों की उपस्थिति में कराया गया, जिसमें लाभार्थियों को योजना के लाभों से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में जनपद के दूर-दराज क्षेत्रों से सभी वर्ग एवं समुदाय के उज्ज्वला योजना लाभार्थियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। इस अवसर पर उज्ज्वला योजना के 400 लाभार्थियों को सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मा० सांसद कुशीनगर  विजय कुमार दूबे जी ने मा० प्रधानमंत्री एवं मा० मुख्यमंत्री जी द्वारा गरीब परिवारों को होली पर्व पर निःशुल्क रसोई गैस रिफिल सिलेण्डर उपलब्ध कराए जाने के निर्णय को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि मा० मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को मिट्टी के चूल्हे से निकलने वाले धुएँ से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से मुक्ति दिलाने हेतु सब्सिडी पर अतिरिक्त रसोई गैस सिलेण्डर भराने की सुविधा प्रदान की गई है, जो महिलाओं के स्वास्थ्य एवं जीवन स्तर सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने बताया कि सरकार गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे उनके स्वास्थ्य की रक्षा हो तथा घरेलू बजट पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी कम हो सके। जनपद कुशीनगर में कुल 3,13,567 लाभार्थी इस योजना से आच्छादित हैं, जो विभिन्न तेल कंपनियों के माध्यम से योजना का लाभ प्राप्त करेंगे।

इस अवसर पर मा० विधायक रामकोला  विनय प्रकाश गोड, मा० विधायक हाटा मोहन वर्मा, मा० विधायक खड्डा विवेकानन्द पाण्डेय, पूर्व जिलाध्यक्ष नन्दकिशोर मिश्रा तथा जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर  द्वारा भी जनपदवासियों को योजना की जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में बी०पी०सी०एल० कंपनी के जिला समन्वयक/विक्रय अधिकारी  श्याम स्वरूप ने लाभार्थियों को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिन उज्ज्वला लाभार्थियों द्वारा एक वर्ष के भीतर 07 गैस सिलेण्डर रिफिल प्राप्त कर लिया गया है, वे ई-केवाईसी कराकर अगले सिलेण्डर की सब्सिडी का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने योजना की जानकारी प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मा० मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार प्रकट किया तथा विभिन्न गैस एजेंसियों से अतिरिक्त रिफिल संबंधी जानकारी भी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों हेतु चाय एवं नाश्ते की व्यवस्था तेल कंपनियों द्वारा कराई गई।

कार्यक्रम का आयोजन जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पाण्डेय द्वारा किया गया। कार्यक्रम में तेल कंपनियों के प्रतिनिधि, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी  राजीव कुमार, जनपद की विभिन्न गैस एजेंसियों के प्रोपराइटर/प्रबंधक, आपूर्ति विभाग के पूर्ति निरीक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अंत में मा० सांसद एवं उपस्थित विधायकगण द्वारा जनपदवासियों को होली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS