पताही (पूर्वी चंपारण), संवाददाता।ओम प्रकाश तिवारी
पताही प्रखंड स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय परिसर में शुक्रवार को प्रखंड की सीडीपीओ के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं, कर्मचारियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में विधायक प्रतिनिधि अभय प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि अनिल कुमार, उप प्रमुख प्रतिनिधि ओम प्रकाश सिंह, सेविका पति रामनिवास कुमार, पवन ठाकुर, आंगनबाड़ी प्रखंड अध्यक्ष मुरारी कुमार सिंह सहित बाल विकास परियोजना के पदाधिकारी, कर्मचारी, सेविका-सहायिकाएं एवं प्रखंड के कई सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि सीडीपीओ ने अपने कार्यकाल के दौरान बाल विकास एवं आंगनबाड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सेविका-सहायिकाओं के साथ बेहतर समन्वय तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी। उन्होंने विभागीय दायित्वों का ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ निर्वहन किया, जिसकी सभी ने सराहना की।
समारोह के अंत में अतिथियों द्वारा सीडीपीओ को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके सफल कार्यकाल को याद करते हुए नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का वातावरण भावुक रहा और सभी ने उनके योगदान की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।