दीपचंद्र दीक्षित संवादाता
फर्रुखाबाद। कमालगंज क्षेत्र में शनिवार को कार व बाइक की आमने-सामने हुई भिड़ंत में पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष के पुत्र सहित दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए पहले सीएचसी कमालगंज ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के नुनहाई निवासी पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष भप्पू सोनी के 30 वर्षीय पुत्र विभु तिवारी अपने साथी 21 वर्षीय रूमी कुमारपुत्र सुरेश चंद्र प्रजापति निवासी नुनहाई सुनहरी मस्जिद के साथ बाइक से कमालगंज क्षेत्र में चल रहे पीवीसी कार्य को देखने गए थे। लौटते समय थाना कमालगंज क्षेत्र की बघार चौकी के निकट सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। लोहिया अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि विभु तिवारी के सीने और जांघ में गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। वहीं रूमी कुमार के सिर में चोट लगी है और उनका उपचार जारी है। हादसे में विभु तिवारी की बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल विभु ने बताया कि दुर्घटना के बाद उनके गले में पहनी सोने की चेन, अंगूठी तथा पर्स गायब है। पर्स में कुछ नकदी भी रखी थी। उन्होंने आशंका जताई कि हादसे के दौरान उनका सामान कहीं गिर गया या खो गया। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। कार चालक की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।