रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
मिहिजाम स्थित शहीद निर्मल महतो चौक पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व में झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता शहीद निर्मल महतो की 39वीं शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष प्रो. कैलाश प्रसाद शाव ने किया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान वक्ताओं ने निर्मल महतो के संघर्षों को याद करते हुए मिहिजाम के चौमुखी विकास और जनसमस्याओं के समाधान का संकल्प लिया। बैठक में क्षेत्र में जारी अवैध बालू कारोबार और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही, हाल ही में होलुदकनाली तालाब में युवक की मौत समेत लगातार हो रहे तालाब हादसों पर गंभीर चिंता जताई गई। नेताओं ने आरोप लगाया कि बिना सुरक्षा मानकों के तालाबों से मिट्टी निकासी के कारण यह खतरा बढ़ रहा है। झामुमो ने तालाबों का सर्वे कराने, अवैध मिट्टी निकासी रोकने और खतरनाक तालाबों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की। राहत अभियान में तत्परता दिखाने वाले केलाही गांव के गोताखोरों की सराहना की गई। अंत में एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। झामुमो नेताओं ने इन मुद्दों को लेकर जामताड़ा उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है।