वोटरों ने किया चुनावी कार्यालय का उद्घाटन, धीराजगंज में वार्ड-2 की प्रत्याशी सीमा रानी महतो बनीं चर्चा का केंद्र
सरायकेला: आदित्यपुर के धीराजगंज में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में वार्ड संख्या-2 से पार्षद प्रत्याशी सीमा रानी महतो के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन सैकड़ों की संख्या में पहुंचे महिला एवं पुरुष वोटरों द्वारा किए जाने से क्षेत्र में नई चर्चा शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि किसी प्रत्याशी के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन स्वयं वोटरों द्वारा किया जाना अपने आप में अनोखा और संभवतः पहला मामला है।उद्घाटन के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने इसे “जनसमर्थन का प्रतीक” बताया। लोगों का कहना था कि यह पहल दर्शाती है कि प्रत्याशी और जनता के बीच सीधा जुड़ाव है।इस अवसर पर प्रत्याशी सीमा रानी महतो ने कहा कि उनके लिए वोटरों का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें जनसेवा का अवसर मिलता है तो वह वार्ड की सभी मूलभूत समस्याओं,सड़क, नाली, पेयजल, सफाई और प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दूर करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह कार्यालय जनता के सुझाव और शिकायतों के लिए हमेशा खुला रहेगा।कार्यक्रम में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नगर अध्यक्ष प्रदीप महतो, रुपेश सहित कई स्थानीय समर्थक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।वोटरों में प्रत्याशी के प्रति खासा उत्साह और विश्वास देखने को मिला।
Raftaar Media | सच के साथ