ओम प्रकास तिवारी 
मोतिहारी, 8 अगस्त। टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के उद्देश्य से शनिवार को भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, मोतिहारी परिसर में 150 टीबी मरीजों के बीच पोषण आहार किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी सह रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष सौरभ सुमन यादव ने की।

इस मौके पर डीएम ने कहा कि टीबी मरीजों को उपचार के साथ पर्याप्त एवं संतुलित पोषण की भी जरूरत होती है। आर्थिक रूप से कमजोर कई मरीजों को संतुलित आहार नहीं मिल पाने के कारण स्वस्थ होने में कठिनाई आती है। उन्होंने समाजसेवी संगठनों और विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक टीबी मरीजों को गोद लेकर ‘निक्षय मित्र’ बनें और उन्हें पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराएं।

डीएम ने टीबी मरीजों के लिए रेड क्रॉस सोसाइटी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सामाजिक सहयोग से टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यकारी अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार भारती, कार्यकारी सदस्य सह सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. संजीव तथा आईएमए अध्यक्ष डॉ. आशुतोष शरण सहित अन्य लोगों ने भी मरीजों के बीच पोषण पोटली वितरित की। मंच का संचालन शिक्षाविद कौशल किशोर सिंह ने किया।

इस दौरान अस्पताल प्रबंधन के कौशल कुमार दुबे ने पांच टीबी मरीजों को गोद लेकर पोषण पोटली उपलब्ध कराई। सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. एसएन सत्यार्थी ने भी पांच मरीजों को गोद लिया। युवा उद्योगपति विशाल जायसवाल ने 25 टीबी मरीजों को गोद लेने की सहमति दी। वहीं टाटा मोटर्स के अमित जायसवाल एवं अभिषेक लोहिया ने भी टीबी मरीजों को गोद लेकर पोषण सहयोग देने की सहमति जताई।

आईएमए अध्यक्ष डॉ. आशुतोष शरण ने कहा कि अभियान के तहत 150 टीबी मरीजों को फूड बास्केट उपलब्ध कराया गया है। आगे भी रेड क्रॉस एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से सैकड़ों टीबी मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता जरूरी है।

कार्यक्रम में वरीय उप समाहर्ता सह रेड क्रॉस सोसाइटी उपाध्यक्ष अमरेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ज्ञानेश्वर प्रकाश, डीपीएम ठाकुर विश्वमोहन, डॉ. राकेश कुमार, डीसीएम नंदन झा, डीपीसी भारत भूषण, रेड क्रॉस के रूपक कुमार, रंजीत श्रीवास्तव एवं आमोद कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।