सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले की नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने शनिवार से आदित्यपुर स्थित जियाडा शिविर कार्यालय में आम लोगों की समस्याएं सुनने की पहल शुरू कर दी। जनता दरबार के दौरान उन्होंने फरियादियों से सीधे मुलाकात कर उनकी शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई एवं समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का स्पष्ट निर्देश है कि पुलिस की पहुंच जिले के अंतिम व्यक्ति तक हो। इसी सोच को साकार करने के उद्देश्य से जियाडा शिविर कार्यालय में जनता से सीधा संवाद शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि सरायकेला-खरसावां एक बड़ा जिला है, जहां 17 थाना एवं ओपी तथा दो अनुमंडल हैं। वहीं आदित्यपुर जिले का प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है, जहां लगभग दो हजार उद्योग संचालित हैं। ऐसे में यहां आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस प्रशासन की नियमित मौजूदगी आवश्यक है।एसपी ने बताया कि फिलहाल वह सप्ताह में एक दिन जियाडा कार्यालय में बैठेंगी। लोगों की जरूरत और मांग को देखते हुए भविष्य में इसे सप्ताह में दो दिन किया जा सकता है। पहले ही दिन दो दर्जन से अधिक फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनकी शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।