logo

थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर के साथ तीन गिरफ्तार

 


हजारीबाग:- हजारीबाग जिले के दारू थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशाखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 12 मार्च 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि बलबल धाम मेढ़कुरी खुर्द के पास कुछ लोग अवैध नशीले पदार्थों का सेवन तथा खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के बाद विष्णुगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वैद्यनाथ प्रसाद के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी टीम जब मौके पर पहुंची तो कुछ लोग वहां जमा होकर बैठे हुए थे। पुलिस वाहन को देखते ही वे भागने लगे। सशस्त्र बल की मदद से तीन लोगों को खदेड़कर पकड़ लिया गया, जबकि एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन कुमार मेहता उर्फ जोधन मेहता (ग्राम घाघरा, थाना दारू), शान कुमार राज उर्फ चिकु (ग्राम जमुआरी, थाना ईचाक) और मनोज कुमार (ग्राम बुजर्गनानो, थाना आंगो) के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान कौशिक देव (ग्राम पुनाई, थाना दारू) के रूप में की गई है।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर तीनों आरोपियों के पास से कुल 3.43 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ, 1900 रुपये नकद, दो इलेक्ट्रॉनिक डिजिटल तराजू तथा नशा करने में इस्तेमाल किए गए मुड़े हुए नोट बरामद किए गए। इसके अलावा बीड़ी का एक पैकेट भी जब्त किया गया।
इस मामले में दारू थाना में कांड संख्या 17/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 21(b), 22(b), 27(a) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
छापेमारी दल में विष्णुगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वैद्यनाथ प्रसाद, परिक्ष्मान पुलिस उपाधीक्षक प्रशांत कुमार, दारू थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन, पु.अ.नि. मिथु मुर्मू, आरक्षी बालेश्वर यादव और विजय कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS