डॉ विभूति सिंह/भागलपुर
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार यादव की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी सह पुलिस सभा का आयोजन किया गया।समीक्षा बैठक में जिले की कानून व्यवस्था,अपराध नियंत्रण और अभियोजन कार्यों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में सिटी एसपी,सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPOs),पुलिस उपाधीक्षक,अंचल पुलिस निरीक्षक और सभी थानों के थानाध्यक्ष शामिल हुए।अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को लेकर जारी मुख्य निर्देश:-
नए अपराधिक कानूनों का अनुपालन:
एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी अनुपालन के लिए कंप्यूटर संचालन, ई-साक्ष्य ऐप और विभिन्न डिजिटल पोर्टलों पर कुशलता के साथ कार्य करने का सख्त निर्देश दिया।
चोरी की घटनाओं पर लगाम:
शहरी क्षेत्रों में बाइक और अन्य प्रकार की चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने और एक प्रभावी कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
सोशल मीडिया की 24x7 निगरानी:
सोशल मीडिया पर 24 घंटे पैनी नजर रखने और संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त व कड़ी चौकसी बरतने को कहा गया है
जमानत रद्दीकरण की कार्रवाई:
संपत्ति मूलक कांडों को बार-बार दोहराने वाले अपराधियों की जमानत रद्द कराने और स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सजा दिलाने के लिए जिला अभियोजन पदाधिकारी से अनुरोध किया गया है। साथ ही जमानत पर छूटे अपराधियों की सूची बनाकर उनकी निगरानी की जाएगी।
भूमि विवाद का निपटारा:
जमीन से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए हर शनिवार को थाना स्तर पर अंचलाधिकारी (CO) के साथ अनिवार्य रूप से बैठक करने का निर्देश दिया गया।
जुलाई माह में दर्ज हुए 819 मामले, 1059 का हुआ निष्पादन।बैठक के दौरान आंकड़ों को साझा करते हुए बताया गया कि जुलाई 2026 में जिले में कुल 819 नए मामले प्रतिवेदित हुए,जिसके मुकाबले पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुराने व नए मिलाकर कुल 1059 कांडों का निष्पादन (निपटारा) किया।बेहतर कार्य करने वाले 23 पुलिस अधिकारी हुए सम्मानित।जुलाई महीने में उत्कृष्ट कार्य करने और अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन करने वाले 23 पुलिस पदाधिकारियों को एसएसपी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में महिला थाना की थानाध्यक्ष पु०नि० लूसी कुमारी, औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना के थानाध्यक्ष बुद्वदेव पासवान, सनोखर थानाध्यक्ष पंकज किशोर,सन्हौला थानाध्यक्ष रूपेश कुमार और अंतीचक थानाध्यक्ष उमाशंकर कुमार सहित कुल 23 अधिकारी शामिल हैं।इसके साथ ही 'पुलिस सभा' के दौरान पुलिसकर्मियों की कार्यस्थिति, स्वास्थ्य कल्याण,ड्यूटी प्रबंधन और अन्य प्रशासनिक समस्याओं को सुनकर उनका ऑन-द-स्पॉट निवारण किया गया ताकि पुलिस बल का मनोबल ऊंचा रहे।