विधानसभा अध्यक्ष ने घरौंडा में दी विकास कार्यों की सौगात, एक करोड़ 17 लाख की लागत से बनी सड़क का किया उद्घाटन
चंडीगढ़ -- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा है कि क्षेत्र की तरक्की के लिए जरूरी है कि सड़कें अच्छी हों। पिछले दस सालों में प्रयास किया गया है कि सभी सड़कें बेहतर स्थिति में हों। पुरानी सड़कों को चौड़ा किया गया है। इसके अलावा घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में करीब 80 नई सड़कें बनवाई जा चुकी हैं। पुरानी सड़कों को चौड़ा किया गया। करनाल के ताऊ देवी लाल चौक से यमुना तट तक मेरठ रोड को स्टेट हाईवे से नेशनल हाईवे बनवाकर राज्य सरकार ने इस पर करीब 125 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
विधानसभा अध्यक्ष सोमवार को करनाल जिला के गांव ऊंचा समाना में रावर दादुपुर रंगरान तक करीब पौने तीन किमी लंबी संपर्क सड़क के उद्घाटन के बाद ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।
हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड द्वारा बनवाई गई इस सड़क पर एक करोड़ 17 लाख रुपये खर्च हुए हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जिस क्षेत्र में सड़कों का नेटवर्क बढ़िया होगा वह अधिक प्रगति करेगा। हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की हर जायज मांग को पूरा करने के लिए अपनी ओर से कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। विकास के मामलों में उन्हें राजनीति पंसद नहीं है। सरकार जनता की भलाई के लिए होती है। यह हलका तरक्की की ओर अग्रसर है। इससे 36 बिरादरी को फायदा होगा। मेडिकल यूनिवर्सिटी, रिंग रोड, रेपिड रेल प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। अब तो घरौंडा जैसे शहर में पांच सितारा होटल भी बनने लगे हैं। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होंगी। हलके में कई अस्पतालों और स्कूलों का विस्तार किया गया है। तरक्की का सफर दोगुनी गति से आगे बढ़ेगा।

Raftaar Media | सच के साथ