दीपचंद्र दीक्षित/फर्रुखाबाद:जनपद की तहसील कायमगंज में हिंदू बेटी बचाओ संघर्ष समिति के तत्वावधान में रविवार को ‘लव जिहाद’ के विरुद्ध सामाजिक जन-जागरण और जन-आंदोलन के तहत ‘हिंदू जन आक्रोश बाइक रैली’ निकाली गई। नगर संयोजक सुधांशु पांडेय के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में युवाओं और हिंदू समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का शुभारंभ गमा देवी मंदिर से हुआ। भगवा ध्वजों के साथ कार्यकर्ता पुरानी गल्ला मंडी चौराहा, जटवारा रोड, ट्रांसपोर्ट चौराहा, पटवन गली, पुल गालिब, मेन बाजार, बड़ा चौराहा और गंगा दरवाजा होते हुए शिवाला भवन पहुंचे, जहां रैली का विधिवत समापन हुआ। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने जन-जागरण से जुड़े नारे लगाए और लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया।
समापन समारोह के दौरान विभिन्न पदाधिकारियों ने जनसमूह को संबोधित किया। हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक निशांत गुप्ता ने कहा कि लव जिहाद देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती है और इसके प्रति समाज को सजग रहने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि हिंदू बहन-बेटियों को जागरूक करने के लिए जिले के हर नगर और खंड में अभियान चलाया जा रहा है। जिला सहसंयोजक धर्मेंद्र पाल ने कहा कि इन रैलियों का उद्देश्य समाज में एक मजबूत जन-आंदोलन खड़ा करना है। वहीं आकाश कट्टर हिंदू ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और मोहल्लों में जाकर जागरूकता फैलाने की अपील की। जिला कार्यकारिणी सदस्य विपुल राठौर ने कहा कि यह कार्यक्रम हिंदू बेटियों की सुरक्षा को समर्पित है और इसके समाधान के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। इस अवसर पर खंड संयोजक रामनरेश राजपूत, सत्यांश पांडेय, वैभव शुक्ला, विकास राजपूत, अनमोल राजपूत, मोहित यादव, युग अवस्थी, मोहित शाक्य, उत्कर्षा राजपूत, विवेक राजपूत, गौरव सिंह और हरिओम सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।