Shibu Soren Death: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन 81 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक शिबू सोरेन का आज सुबह नई दिल्ली में निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे और पिछले कई महीनों से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की पुष्टि उनके पुत्र और राज्य के वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक भावुक संदेश में कहा आदरणीय दिशोम गुरूजी हम सभी को छोड़कर चले गए है..आज मैं शून्य हो गया हूँ।
शिबू सोरेन जिन्हें आदरपूर्वक दिशोम गुरु कहा जाता था ने झारखंड राज्य के निर्माण और आदिवासी अधिकारों के लिए दशकों तक संघर्ष किया। उन्होंने 1972 में झारखंड मुक्ति मोर्चा की स्थापना की और राज्य की राजनीति में जन आंदोलन का नया अध्याय लिखा। वे तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और केंद्र में कोयला मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएँ दे चुके हैं।
पिछले कुछ महीनों से वह किडनी संबंधी जटिलताओं मधुमेह और वृद्धावस्था से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित थे। उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहाँ आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
शिबू सोरेन के निधन से न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। राज्य सरकार द्वारा उनके सम्मान में राजकीय शोक की घोषणा की गई है।
आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) August 4, 2025
आज मैं शून्य हो गया हूँ...

Raftaar Media | सच के साथ