मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा इलाके में गुरुवार सुबह एक निजी अस्पताल में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के आईसीयू वार्ड में आग लगने के बाद मरीजों, परिजनों और अस्पताल कर्मियों के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 25 से अधिक मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि दम घुटने से चार मरीजों की मौत हो गई।
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने घटना में चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। घटना की जांच के लिए एफएसएल टीम को मौके पर भेजा गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट के कारण आईसीयू वार्ड में आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
दमकल विभाग के एक जवान ने बताया कि सुबह करीब 3:50 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। टीम करीब 4 बजे मौके पर पहुंची और चौथी मंजिल पर स्थित आईसीयू वार्ड में लगी आग को देखते हुए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे मरीजों तक पहुंच बनाई गई तथा 15 से 20 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे अस्पतालों में भेजा गया।
घटना पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रत्येक परिवार को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के समुचित उपचार के लिए प्रशासन को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।