दीपचंद्र दीक्षित/फर्रुखाबाद ।  कोतवाली क्षेत्र के लाल सराय पानी टंकी के पास लिंजीगंज बाजार मोड़ पर रविवार दोपहर अचानक बिजली के खंभे में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मोड़ के पास लंबे समय से दो ट्रांसफार्मर रखे हैं, जिनकी लाइन सड़क पार कर तलैया फजल इमाम की ओर जाने वाली गली के बीचों-बीच लगे खंभे से होकर गुजरती है। पहले अतिक्रमण के चलते यह खंभा बीच में लगाया गया था, लेकिन अतिक्रमण हटने के बाद भी इसे नहीं हटाया गया। रविवार को कुछ लोग खंभे पर डाटा केबलबांध रहे थे, तभी अचानक स्पार्किंग होने लगी और खंभे पर फैले तारों में आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने तेज रूप ले लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना के बाद बिजली विभाग को कई बार सूचना दी गई, लेकिन करीब 15 मिनट तक कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस दौरान जलते तार टूटकर सड़क पर गिरते रहे, जिससे बड़े हादसे का खतरा बना रहा।
बाद में कर्मचारियों के पहुंचने पर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने खुद ही पानी डालकर आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद जब कर्मचारी दोबारा लाइन चालू करने पहुंचे, तो मोहल्ले के लोगों ने विरोध किया। उनका कहना था कि गली के बीच लगा खंभा अब बेकार है। उन्होंने मांग की कि या तो पास के दूसरे खंभे से सप्लाई दी जाए या गली के किनारे नया खंभा लगाकर व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
इस घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं और स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है।