दीपचंद्र दीक्षित /फर्रुखाबाद फतेहगढ़। राष्ट्रवादी नव निर्माण दल (रानद) ने जनपद में अपने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए महिला मोर्चा के गठन का विस्तार किया। इसी क्रम में मंगलवार को फतेहगढ़ निवासी वरिष्ठ समाजसेवी श्री नरेन्द्र नाथ तिवारी के आवास पर एक भव्य बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता रानद के जिलाध्यक्ष पंकज अवस्थी ने की, जिसमें पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा विभिन्न समाजों के सैकड़ों लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संगठनात्मक मजबूती पर विस्तार से चर्चा की गई और सर्वसम्मति से श्रीमती मीनू तिवारी को राष्ट्रवादी नव निर्माण दल महिला मोर्चा का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया। जैसे ही उनके नाम की घोषणा हुई, उपस्थित कार्यकर्ताओं ने जोरदार तालियों के साथ उनका स्वागत किया और फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने विशेष उत्साह दिखाते हुए संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
नवनियुक्त महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मीनू तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि वह पार्टी के नेतृत्व के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं की भागीदारी के बिना कोई भी संगठन मजबूत नहीं हो सकता। उन्होंने महिलाओं से आगे आकर समाज और संगठन के लिए कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
मीनू तिवारी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में सवर्ण समाज को अपेक्षित सम्मान और प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है, जिससे लोगों में असंतोष है। उन्होंने कहा कि इसी कारण बड़ी संख्या में लोग राष्ट्रवादी नव निर्माण दल से जुड़ रहे हैं और पार्टी को मजबूत बना रहे हैं।
वहीं जिलाध्यक्ष पंकज अवस्थी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि रानद निरंतर जनपद में अपना विस्तार कर रही है और हर वर्ग के लोगों को जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य राजनीतिक दलों ने वर्षों तक सवर्ण समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, लेकिन उनके हितों की अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मुख्यधारा के नेताओं ने आवाज उठाने से परहेज किया, जबकि रानद के शीर्ष नेतृत्व ने इन मुद्दों को खुलकर उठाया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ें। साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रानद जनपद की राजनीति में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी।
बैठक में अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष फरजान खान सहित सैकड़ों की संख्या में ब्राह्मण समाज के पुरुष एवं महिलाएं मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में नव नियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान किया गया और संगठन के विस्तार के लिए रणनीति तैयार की गई। यह बैठक रानद के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे जनपद में पार्टी की पकड़ और अधिक मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।