दिनेश कुमार रजक/ मिहिजाम: : चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना के प्रमोट ऑफिसर्स एसोसिएशन की 45वीं वार्षिक आम बैठक हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन 12 अप्रैल को चित्तरंजन क्लब के प्रांगण में हुआ, जिसमें चिरेका के महाप्रबंधक मोहित चंद्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:40 बजे विधिवत उद्घाटन के साथ हुआ, जिसके बाद एसोसिएशन के अध्यक्ष इंदु यादव ने स्वागत भाषण दिया। जनरल सेक्रेटरी पार्थ बोस ने पिछले वर्ष की उपलब्धियों की रिपोर्ट पेश की, साथ ही वित्त सचिव द्वारा खातों का विवरण प्रस्तुत कर उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया। दोपहर के सत्र में सेवामुक्त सदस्यों और अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही, संगठन में शामिल हुए नए पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। दिनभर चली चर्चाओं और संगठनात्मक निर्णयों के बाद शाम 7:30 बजे से एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका समापन सदस्यों और उनके परिवारों के लिए आयोजित स्नेह भोज के साथ हुआ। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इस आयोजन को संगठन की एकता और मजबूती का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में आईआरपीओएफ के पदाधिकारियों और चिरेका प्रमोट ऑफिसर्स एसोसिएशन के पूर्व सदस्यों ने भी अपने विचार साझा किए।