हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 55 साल देश में राज करने वाली राजनीतिक पार्टी ने देश को जो मजबूत करना था वो नहीं किया। कांग्रेस ने देश को केवल और केवल भ्रमित करने का काम किया है, लेकिन कांग्रेस के झूठ बोलने का काल खंड अब जा चुका है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश को मजबूत करने का काम किया है, उनके नेतृत्व में 12वर्षों के सेवा सुशासन से देश तेजी से बदला है। ग्रामीण परिवेश बदला है, शहर बदले है और देश का विकास हुआ है। पीएम मोदी 2029 में भी देश में प्रधान सेवक के रूप में चौथी बार काम करेंगे। मुख्यमंत्री शुक्रवार को पंचकूला स्थित पंचकमल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12वर्षीय कार्यकाल पूरे होने पर प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान प्रदेश के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता, विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा, मेयर श्याम लाल बंसल, बीजेपी उपाध्यक्ष बन्तो कटारिया, जिला प्रभारी रवि बतान, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहाकार राजीव जेटली, मीडिया सचिव प्रवीण आत्रे भी मौजूद थे
पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के लोगों ने भारत को बदलते देखा है। हर प्रधानमंत्री ने अपनी इच्छा शक्ति के साथ काम किया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऐतिहासिक कार्यकाल दुनियां में भारत की एक नई पहचान लेकर आने वाला कार्यकाल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के इतिहास में सबसे अधिक समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड स्थापित कर चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को अपनी ओर से तथा हरियाणा की पौने तीन करोड़ जनता की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व को नमन किया। जिसने पिछले 12 वर्षों में भारत को विश्व की बड़ी शक्तियों में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ओजस्वी नेतृत्व में भारत की आवाज जी-20, ब्रिक्स, एससीओ और संयुक्त राष्ट्र जैसे वैश्विक मंचों पर प्रभावी रूप से सुनी जाती है तथा देश निर्णायक भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 और धारा 35-ए को हटाकर कश्मीर से कन्याकुमारी तक अखंड भारत के राष्ट्रीय स्वप्न को साकार किया गया। मई 2025 में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान दुनिया ने भारत की स्वदेशी तकनीक और हथियारों की शक्ति देखी, जबकि ‘ऑपरेशन महादेव’ के माध्यम से पहलगाम के गुनाहगारों को उनकी करनी की सजा दी गई।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कठोर और प्रभावी निर्णयों के कारण देश को नक्सलमुक्त बनाने का सपना साकार होने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है तथा आतंकवाद पर कड़ा प्रहार कर आंतरिक सुरक्षा को मजबूत किया गया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक, वन रैंक-वन पेंशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और सीएए जैसे अनेक युग-परिवर्तनकारी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक सफलता, आदित्य-एल1 मिशन तथा गगनयान मिशन की तैयारियां भारत की वैज्ञानिक क्षमता और तकनीकी आत्मविश्वास का प्रमाण हैं।
अर्थव्यवस्था, डिजिटल क्रांति और युवा सशक्तिकरण में ऐतिहासिक उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक क्षेत्र में भारत ने अभूतपूर्व प्रगति की है। वर्ष 2014 में भारत विश्व की 11वीं अर्थव्यवस्था था, जबकि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। वैश्विक महामारी, युद्ध, आर्थिक मंदी और आपूर्ति श्रृंखला संकट जैसी चुनौतियों के बावजूद भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है। पीएम स्वनिधि योजना के तहत 74 लाख से अधिक रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं को आर्थिक संबल मिला है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों की सबसे बड़ी उपलब्धियों में डिजिटल क्रांति विशेष रूप से उल्लेखनीय है। यूपीआई के माध्यम से भारत विश्व में डिजिटल भुगतान का नेतृत्व कर रहा है तथा विश्व के लगभग 56 प्रतिशत डिजिटल लेन-देन अकेले भारत में हो रहे हैं। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से 51 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाई जा चुकी है, जिससे भ्रष्टाचार और बिचौलियों की भूमिका लगभग समाप्त हो गई है। स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाया गया है। वर्ष 2014 में देश में नाममात्र के स्टार्टअप थे, जबकि आज देशभर में 2.2 लाख से अधिक स्टार्टअप कार्यरत हैं और भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। छोटे शहरों और गांवों से निकलकर युवा वैश्विक स्तर पर नवाचार और उद्यमिता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। मुद्रा योजना के तहत छोटे और मझोले व्यापारियों को संबल देने के लिए 40 लाख करोड़ रुपये से अधिक के ऋण वितरित किए गए हैं तथा कुल लाभार्थियों में 75 प्रतिशत महिलाएं हैं।
खेल, कौशल विकास, अनुसंधान और स्वास्थ्य क्षेत्र में नई ऊंचाइयां
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में भारत ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। देशभर में 1,045 खेलो इंडिया सेंटर तथा 34 खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए गए हैं। नवाचार और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार से अधिक अटल टिंकरिंग लैब्स स्थापित की गई हैं, जो 1.1 करोड़ से अधिक विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की संस्कृति विकसित कर रही हैं। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत सरकारी स्कूलों में आईटी, स्वास्थ्य, फैशन और कृषि सहित 200 से अधिक पाठ्यक्रमों में निःशुल्क व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा ग्रामीण क्षेत्रों के 600 से अधिक स्कूलों में 1,200 से अधिक व्यावसायिक कौशल प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। रोजगार मेलों के माध्यम से 12 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त प्रक्रिया से वितरित किए गए हैं। खेलो इंडिया गेम्स के तहत 63 हजार से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए हैं तथा टॉप्स योजना के अंतर्गत 300 एथलीटों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि एशियाई खेल-2022 में भारत ने रिकॉर्ड 107 पदक जीते। राष्ट्रीय खेल नीति-2025 के तहत भारत को 2036 ओलंपिक की मेजबानी तथा वैश्विक खेल शक्ति बनाने की तैयारी की जा रही है। देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 842 हो गई है। एमबीबीएस की 1,28,976 सीटें तथा पीजी की 85,822 सीटें उपलब्ध हैं।
नारी शक्ति को विकास का केंद्र बनाकर बढ़ाया गया सशक्तिकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण को केंद्र सरकार ने विकास का केंद्र बनाया है। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने वाला ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ एक ऐतिहासिक कदम है। महिलाओं को कौशल विकास के विशेष अवसर प्रदान किए जा रहे हैं तथा स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाया जा रहा है। ‘लखपति दीदी’ अभियान के तहत 3 करोड़ से अधिक महिलाओं को लखपति बनाया जा रहा है तथा वर्ष 2030 तक 3 करोड़ और लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत 7 करोड़ 30 लाख से अधिक गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की गई है। सेना, सैनिक स्कूलों तथा राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण का प्रमाण है। देशभर में 14 लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से लगभग 9 करोड़ लाभार्थियों तक सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं तथा तकनीक के माध्यम से पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी की जा रही है। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए देशभर में किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाने का कार्य जारी है। प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से 32 करोड़ से अधिक महिलाओं के बैंक खाते खोले गए हैं, जबकि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 4 करोड़ 50 लाख से अधिक खाते खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि देश के मान्यता प्राप्त 3 लाख से अधिक स्टार्टअप्स में से 48 प्रतिशत स्टार्टअप्स का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं।
कृषि, किसान कल्याण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिली नई दिशा
और पढ़ें
Haryana
और खबरें