दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
 

नशा मुक्त समाज के संकल्प को लेकर मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बुधवार को मल्लिकपाड़ा विद्यालय पहुंचकर बच्चों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। उन्होंने अपनी हुंकार से बच्चों को नशे की बुराइयों से बचने और उज्ज्वल भविष्य बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी ने छात्रों को बताया कि नशा एक बार का शौक नहीं, बल्कि पूरी जिंदगी बर्बाद कर देने वाला जाल है। उन्होंने कहा कि तंबाकू, गुटखा, शराब या अन्य किसी भी नशीले पदार्थ से शरीर ही नहीं, सोचने-समझने की शक्ति भी खत्म हो जाती है। पढ़ाई, खेल और परिवार सब छूट जाते हैं। उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि जीवन में कोई भी फैसला लेने से पहले अपने माता-पिता और शिक्षकों से सलाह लें। दोस्तों के दबाव में आकर नशे का एक कश भी न लें। प्रदीप राणा ने कहा कि पुलिस का काम सिर्फ अपराध रोकना नहीं है, बल्कि युवाओं को अपराध की राह पर जाने से बचाना भी है। स्कूल ही वह जगह है जहां से नशा मुक्त भारत की नींव रखी जा सकती है। उन्होंने शिक्षकों से भी अपील की कि वे बच्चों को समय-समय पर नशे के नुकसान समझाते रहें। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों ने नशा न करने की शपथ ली। स्कूल के प्रधानाध्यापक और शिक्षकों ने थाना प्रभारी के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान से बच्चों में सकारात्मक सोच विकसित होगी। थाना प्रभारी ने अभिभावकों से भी अनुरोध किया कि वे घर में बच्चों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस पहल से मल्लिकपाड़ा के बच्चे अब नशे को ना कहने का संकल्प लेकर निकले।