हजारीबाग /सुमन सिन्हा: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पुलिस केंद्र हजारीबाग में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक हजारीबाग, अमन कुमार ने किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, परिचारी प्रवर, पुलिस केंद्र हजारीबाग सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण अभियान में भाग लिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कम-से-कम एक-एक वृक्ष लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण से न केवल पर्यावरण संतुलित रहता है, बल्कि स्वच्छ व स्वस्थ जीवन के लिए भी यह अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया। पौधारोपण कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस विभाग ने समाज को हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का सकारात्मक संदेश दिया।

*फोटो कैप्शन विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पुलिस केंद्र हजारीबाग में पौधारोपण करते पुलिस अधीक्षक अमन कुमार एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी।*