दिनबंधु राउत / जामताड़ा :जामताड़ा जिले में 25 और 26 अप्रैल को आयोजित होने वाले भव्य सामूहिक विवाह समारोह को लेकर तैयारियां अब जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इस को लेकर शनिवार को सरखेलडीह स्थित अपने आवास पर चयनित 51 कन्याओं के बीच शादी सामग्री के साथ लहंगा और पीली साड़ी का वितरण किया गया। आयोजन समिति ने इसे कार्यक्रम का शुभारंभ बताया और कहा कि विवाह समारोह को यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। वही आयोजक तरुण कुमार गुप्ता, संयोजक राजा नित्य गोपाल सिंह, कार्यक्रम प्रभारी मोहनलाल बर्मन तथा नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने संयुक्त रूप से सभी चयनित कन्याओं को लहंगा और पीली साड़ी प्रदान की। इस अवसर पर कन्याओं और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।आयोजक तरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष कुल 51 कन्याओं का सामूहिक विवाह जामताड़ा के गांधी मैदान में 25 और 26 अप्रैल को संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल को मेहंदी रस्म आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी कन्याएं पीली साड़ी पहनकर शामिल होंगी। वहीं 26 अप्रैल को मुख्य विवाह समारोह में सभी कन्याएं लहंगा पहनकर मंडप में पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल और भव्य बनाने के लिए हर स्तर पर तैयारी की जा रही है। पंडाल, सजावट, भोजन, बारात स्वागत, वर - वधू मंच, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था समेत सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर सबसे खास बात यह है कि फिल्म अभिनेता चंकी पांडे भी इस समारोह में शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे। उनके आगमन की खबर से जिलेवासियों और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम प्रभारी मोहनलाल बर्मन ने कहा कि लहंगा और साड़ी वितरण के साथ सामूहिक विवाह कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ कर दिया गया है। उन्होंने जामताड़ा के सभी नागरिकों, समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों से अपील की कि वे इस पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और आयोजन के साक्षी बनें।नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि हर माता-पिता का सपना होता है कि उनकी बेटियों की शादी धूमधाम से हो। वहीं बेटियां भी चाहती हैं कि उनकी शादी अच्छे परिवार में सम्मानपूर्वक हो। लेकिन कई परिवार आर्थिक तंगी या अन्य मजबूरियों के कारण अपनी बेटियों की शादी मनचाहे तरीके से नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। वह चाहती हैं कि इन बेटियों का विवाह पूरी गरिमा, सम्मान और धूमधाम से संपन्न हो। इसके लिए वह अपनी क्षमता के अनुसार हरसंभव सहयोग देने को तत्पर हैं। जिले में सामूहिक विवाह कार्यक्रम को सामाजिक समरसता और सहयोग का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है। इससे जहां जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलेगी, वहीं समाज में बेटियों के सम्मान और सहयोग का सकारात्मक संदेश भी जाएगा। फिलहाल जामताड़ा में इस आयोजन को लेकर उत्साह चरम पर है और अब जिलेवासियों की नजर 25 और 26 अप्रैल को गांधी मैदान में होने वाले इस भव्य समारोह पर टिकी हुई है।