गिरिडीह/ झारखंड /मनोज बर्मन रिपोर्ट: 15 अप्रैल 2026:-* गृह रक्षा वाहिनी एवं झारखंड अग्निशमन सेवा के संयुक्त तत्वावधान में गिरिडीह जिले में दिनांक 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक “अग्निशमन सेवा सप्ताह” का आयोजन किया जा रहा है। इस सप्ताह का मुख्य उद्देश्य आमजनों को आगजनी की घटनाओं के प्रति जागरूक करना, समय पर सतर्कता बरतने के उपाय बताना तथा आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए प्रशिक्षित करना है। गिरिडीह जिले के विभिन्न प्रखंडों, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में इस अभियान के तहत व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा सरकारी कार्यालयों, बाजार क्षेत्रों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों तथा भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान लोगों को अग्निशमन यंत्रों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। 
अग्निशमन पदाधिकारी, श्री रवि रंजन के द्वारा गया कि छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए हर व्यक्ति को अग्निशमन यंत्र के उपयोग की बुनियादी जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम के तहत मॉक ड्रिल (प्रायोगिक अभ्यास) का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें आग लगने की स्थिति में किस प्रकार सुरक्षित तरीके से बाहर निकलना है, घायलों को कैसे प्राथमिक उपचार देना है, तथा अग्निशमन विभाग को तुरंत सूचना कैसे देनी है—इन सभी पहलुओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मॉक ड्रिल के माध्यम से लोगों को यह समझाया जा रहा है कि संकट के समय घबराने के बजाय संयम बनाए रखना और सही दिशा में कदम उठाना ही जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करता है।
इसके अलावा, अग्निशमन कर्मियों द्वारा आग से बचाव के विभिन्न उपायों की भी जानकारी दी जा रही है। जैसे—घरों में गैस सिलेंडर का सुरक्षित उपयोग, बिजली के तारों एवं उपकरणों की नियमित जांच, ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित स्थान पर रखना, तथा बच्चों को आग से संबंधित जोखिमों के प्रति जागरूक करना। साथ ही, यह भी बताया जा रहा है कि यदि कहीं आग लग जाए तो तुरंत पानी, बालू या अग्निशमन यंत्र का उपयोग कर प्रारंभिक स्तर पर आग को नियंत्रित करने का प्रयास करना चाहिए और साथ ही अग्निशमन विभाग को सूचित करना चाहिए।
अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान उत्सव उपवन में मॉक ड्रिल का आयोजन कर आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही साथ उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत विभिन्न पदाधिकारियों को अग्निशमन सेवा सप्ताह से संबंधित बैच व पंपलेट का वितरण किया गया। इस दौरान बताया गया कि दिनांक 17 अप्रैल को समाहरणालय परिसर में अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों से निश्चित रूप से लोगों में सतर्कता बढ़ेगी और अग्निकांड की घटनाओं में कमी आएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने आसपास के लोगों को भी आग से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें।