दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा


अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने अपने समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ता नितेश तिवारी को धनबाद महानगर संगठन मंत्री का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।संगठन की ओर से मिली इस नई जिम्मेदारी को लेकर कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। नितेश तिवारी की संगठनात्मक यात्रा जामताड़ा से प्रारंभ हुई, जहां उन्होंने विद्यार्थी परिषद के विभिन्न कार्यक्रमों एवं अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई।संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें समय-समय पर विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। उन्होंने गिरिडीह सहित कई क्षेत्रों में संगठनात्मक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।इसके बाद कोडरमा में नगर संगठन मंत्री एवं जिला संगठन मंत्री के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने संगठन विस्तार, कार्यकर्ता निर्माण और छात्र हित से जुड़े कई अभियानों का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल में परिषद की गतिविधियों को नई गति मिली तथा संगठन का जनाधार भी मजबूत हुआ।धनबाद महानगर संगठन मंत्री का दायित्व मिलने पर नितेश तिवारी ने संगठन नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्तिगत उपलब्धि का परिणाम नहीं, बल्कि संगठन के विश्वास और कार्यकर्ताओं के सामूहिक परिश्रम का सम्मान है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि धनबाद महानगर में भी पूरी निष्ठा, समर्पण और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत एवं व्यापक बनाने का प्रयास करेंगे।उन्होंने सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि छात्रहित, राष्ट्रहित एवं समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए परिषद निरंतर सक्रिय रहेगी। संगठन के कार्यकर्ताओं ने नितेश तिवारी को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।