सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया

रांची:झारखंड में आज होने  राज्यसभा चुनाव को लेकर सभी विधायकों के द्वारा विधानसभा परिसर में अपना मताधिकार का प्रयोग किया जाएगा। इसी क्रम में चुनाव से ठीक पहले राजधानी रांची के रेडिशन ब्लू होटल में ठहरे एनडीए विधायकों ने एकजुटता का प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में विधायकों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा मॉक पोल प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

*मॉक पॉल प्रशिक्षण का आयोजन*
राज्यसभा चुनाव में मतदान से पूर्व बुधवार को मॉक पॉल प्रशिक्षण के दौरान विशेष रूप से नए विधायकों को राज्यसभा चुनाव में मतदान की प्रक्रिया समझाई गई, ताकि मतदान के समय किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। एनडीए के सभी विधायक उत्साह से लबरेज दिखाई दिए और समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आए।

*कांग्रेस पहले बीएनआर होटल का जवाब दे-आदित्य साहू*
इस बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा पर होटल राजनीति का आरोप लगाने वाली कांग्रेस पहले यह बताए कि बीएनआर होटल में किसके विधायक ठहरे हुए हैं और वहां क्या गतिविधियां चल रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने दावा किया था कि उनके विधायक सीधे अपने घरों से मतदान के लिए आएंगे, लेकिन अब उनके विधायक भी होटल में ठहरे हुए हैं।

*परिमल नाथवानी की जीत तय है- आदित्य साहू*
एनडीए की एकजुटता को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि  एनडीए के सभी विधायक एकजुट हैं और एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी के समर्थन में मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि परिमल नाथवानी की जीत सौ फीसदी तय है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी खेमे के कुछ विधायक अंतरात्मा और राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए मतदान कर सकते हैं।

*कांग्रेस के पोलिंग एजेंट पर भी उठाए सवाल*
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस द्वारा राज्यसभा चुनाव के लिए झारखंड से बाहर के नेताओं को पोलिंग एजेंट बनाए जाने पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने झारखंड प्रभारी के. राजू और सह प्रभारी सीरी वेल्ला प्रसाद को पोलिंग एजेंट बनाया है। इससे यह सवाल उठता है कि क्या झारखंड कांग्रेस के स्थानीय नेताओं में इतनी भी विश्वसनीयता नहीं है कि उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी जा सके।

*इनकी रही उपस्थिति*
बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, जदयू विधायक सरयू राय, भाजपा विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, नागेंद्र महतो, शशिभूषण मेहता, मनोज यादव, सत्येंद्र नाथ तिवारी, नीरा यादव, राज सिन्हा, अमित यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, प्रकाश राम, रोशन लाल चौधरी, प्रदीप प्रसाद, शत्रुघ्न महतो, पूर्णिमा साहू, रागिनी सिंह, मंजू कुमारी, कुमार उज्ज्वल, लोजपा विधायक जनार्दन पासवान तथा आजसू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो सहित एनडीए के कई विधायक उपस्थित रहे।