अयोध्या। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने लखनऊ-फैजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अधिकतम गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित किए जाने की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि देश के अधिकांश राष्ट्रीय राजमार्गों पर गति सीमा 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा है, जबकि यहां टोल टैक्स वसूलने के बावजूद यात्रा को अनावश्यक रूप से धीमा किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगे एक्सप्रेस-वे पर यातायात बढ़ाने के लिए पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर गति सीमा कम कर लोगों को मजबूर कर रही है कि वे अधिक टोल देकर एक्सप्रेस-वे का उपयोग करें। यदि सरकार गति सीमा कम रखना चाहती है तो पहले टोल टैक्स समाप्त करे।
महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि सबसे चिंताजनक बात यह है कि लखनऊ-फैजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर गति सीमा संबंधी पर्याप्त सूचना बोर्ड तक नहीं लगाए गए हैं। वाहन चालकों को बिना स्पष्ट जानकारी दिए चुपचाप उनके चालान किए जा रहे हैं। यह न तो लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के अनुरूप है और न ही मानवीय दृष्टिकोण से उचित है। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि सड़क सुरक्षा के बजाय राजस्व वसूली को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने सरकार से इस निर्णय की तत्काल समीक्षा कर जनता के हित में उचित कदम उठाने की मांग की है।