रांची में मेयर प्रत्याशी रमा खलखो का जनसंपर्क अभियान
रांची: रांची से कांग्रेस समर्थित मेयर प्रत्याशी रमा खलखो ने रविवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जोरो शोरों से जनसंपर्क अभियान चलाते हुए आम जनमानस और चिकित्सकों से मुलाकात की। इस दौरान लाजपत नगर, पाही पैलेस, सरईटांड़, मोराबादी, बसंत विहार (हरमू), सामलौंग, प्लाजा चौक, पीस रोड, थरपखना, लोहरा कोचा, जेल रोड, हरिओम टावर, लालपुर चौक, कांटाटोली, खादगढ़ा, रविदास मोहल्ला सहित आसपास के क्षेत्रों में पदयात्रा की गई।
*चिकित्सकों के साथ बैठक, आमजनों से सीधा संवाद*
अभियान के क्रम में रमा खलखो ने चिकित्सकों के साथ विशेष बैठक कर स्वास्थ्य सुविधाओं और शहरी समस्याओं पर चर्चा की। पदयात्रा के दौरान उन्होंने आमजनों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि नगर निगम की सेवाएं सुलभ और पारदर्शी तरीके से जनता तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि निगम से मिलने वाले मूलभूत अधिकारों को जनता के दरवाजे तक पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध कार्य किए जाएंगे।
*पारदर्शी सिंगल विंडो सिस्टम की घोषणा*
मेयर प्रत्याशी रमा खलखो ने घोषणा किया की व्यवसायियों और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए निगम में पारदर्शी सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा। इसके तहत अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर उन्हें जवाबदेह बनाया जाएगा।उन्होंने यह भी कहा कि निगम की योजनाएं समय पर पूरी हों, इसके लिए वार्डवार निगरानी समितियों का गठन किया जाएगा, ताकि जनता को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
*स्वच्छ रांची बनाने का लिया गया संकल्प*
मौके पर अपने संबोधन में रमा खलखो ने कहा आगामी वर्षों में राजधानी रांची का नाम देश के स्वच्छ शहरों में शीर्ष स्थान पर लाना उनकी कार्ययोजना का हिस्सा है। उन्होंने बताया "स्वच्छ शहर, स्वच्छ जल और स्वच्छ वातावरण आमजन का मौलिक अधिकार है। इस अधिकार को दिलाने के लिए मैं हमेशा प्रथम पंक्ति में खड़ी रहूंगी,”उन्होंने कहा।
*ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने दिया संदेश*
रांची के हरमू स्थित बसंत विहार में आयोजित कार्यक्रम में राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार विकास को प्राथमिकता देती है और जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि यदि जनता रमा खलखो को शहर के विकास का नेतृत्व सौंपती है, तो आने वाले दिनों में विकास कार्यों को और गति मिलेगी। मंत्री ने बताया कि आगामी महीनों में राजधानी में कई फ्लाईओवर निर्माण की दिशा में कार्य शुरू किए जाएंगे तथा नई सड़कों का निर्माण जारी है, जिससे यातायात का बोझ कम होगा।
*इनकी रही उपस्थिति*
विभिन्न बैठकों और पदयात्रा में अमूल्य नीरज खलको, अभिलाष साहू, रवि रोशन तिग्गा, आदित्य विक्रम जायसवाल, उमेश प्रसाद, अंजन खलको सहित अन्य कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
Raftaar Media | सच के साथ