बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़
समाज में जागरूकता और सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत +2 हाई स्कूल, चौका में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों को नशा मुक्ति अभियान के तहत नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा स्वस्थ और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। साथ ही डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम, महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह निषेध, महिला सुरक्षा और महिलाओं के लिए बने कानूनी अधिकारों एवं प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, आपातकालीन सेवा डायल-112 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1930 की उपयोगिता बताते हुए जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता लेने की अपील की। इसके अलावा बच्चा चोरी जैसी अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध सूचना की सत्यता जांचने के बाद ही प्रतिक्रिया देने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। उन्हें यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और सुरक्षित आवागमन के महत्व के बारे में बताया गया।
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि जागरूकता ही अपराध और सामाजिक कुरीतियों पर नियंत्रण का सबसे प्रभावी माध्यम है। विद्यार्थियों को कानून और अपने अधिकारों की जानकारी होगी तो वे स्वयं भी सुरक्षित रहेंगे और समाज को भी जागरूक बना सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।