ओम प्रकास तिवारी /मोतिहारी 
बंजरिया। महावीर झंडा पर्व को लेकर बंजरिया थाना पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। थाना अध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने जुलूस के लाइसेंसधारियों एवं आम लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और समय पर लाइसेंस प्राप्त करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 17 अगस्त से जुलूस निकलने शुरू होंगे तथा थाना क्षेत्र में करीब 19-20 जुलूस निकलने की संभावना है।

थाना अध्यक्ष ने सभी लाइसेंसधारियों से अगले एक-दो दिनों में लाइसेंस प्राप्त कर लेने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही प्रत्येक जुलूस के वॉलेंटियर की सूची, फोटो, पता एवं आधार संबंधी विवरण समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। जुलूस के दौरान वॉलेंटियर को पहचान-पत्र के साथ मौजूद रहना होगा।

उन्होंने बताया कि जुलूस के निर्धारित रूट, सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी एवं पुलिस बल की तैनाती की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की जाएगी। लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने, निर्धारित संख्या से अधिक भीड़ जुटाने अथवा शांति-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

थाना अध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने लोगों से महावीर झंडा पर्व को शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील करते हुए प्रशासन को सहयोग करने का आग्रह किया।