(रामगढ़ जिला रफ्तार मीडिया संवाददाता डीके राठौर )
रामगढ़। श्री मारवाड़ी सतनारायण मंदिर एवं धर्मशाला संस्था के सत्र 2026-28 के लिए कार्यकारिणी समिति का चुनाव मंगलवार को शांतिपूर्ण. देर रात्रि तक एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। चुनाव में संस्था के कुल 1,433 सदस्यों में से 801 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि 44 मतपत्र रद्द घोषित किए गए।
11 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति के लिए हुए चुनाव में 17 प्रत्याशी मैदान में थे। मतगणना के बाद विमल बुधिया गुट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 में से 7 सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि प्रतिद्वंद्वी गुट को 4 सीटों से संतोष करना पड़ा।
चुनाव में सर्वाधिक 706 मत प्राप्त कर अरविंद कुमार गोयल विजयी रहे। उनके अलावा सुनील गोयल को 657, नरेश अग्रवाल को 653, विमल बुधिया को 602, जगदीश गोयल को 519, मनोज मित्तल को 514, मुरारी लाल अग्रवाल को 503, रोहित कुमार पंसारी को 499, प्रवीण कुमार अग्रवाल को 498, विश्वनाथ अग्रवाल को 497 तथा उपकार कुमार अग्रवाल को 461 मत प्राप्त हुए।
चुनाव प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चली, जबकि शाम 6 बजे से मतगणना आरंभ की गई। चुनाव में मारवाड़ी युवा मंच एवं चेतना शाखा के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
निर्वाचन समिति के अध्यक्ष गोविंद मेवाड़ी के नेतृत्व में श्याम सुंदर परशुरामपुरिया, किशोर जाजू, रमेश बौंधिया एवं उमेश राजगढ़िया ने निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों में खुशी का माहौल देखा गया। संस्था के नए कार्यकारिणी सदस्य आगामी दो वर्षों तक संस्था के धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा कार्यों के संचालन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।