रंजीत पालकोट (गुमला):पालकोट थाना क्षेत्र के गांधी नगर में बीते सोमवार रात सुकर पालन केंद्र में हुई तोड़फोड़ की घटना को लेकर मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में हरिजन समुदाय के लोगों ने हरिजन बस्ती में एक अहम बैठक का आयोजन किया, जिसमें झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सुकर पालन केंद्र को जमीन कब्जाने की नीयत से योजनाबद्ध तरीके से तोड़ा गया। साथ ही पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए गए। लोगों ने कहा कि अब तक आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होने से समाज में आक्रोश है।इस दौरान पालकोट थाना प्रभारी तरुण कुमार भी बैठक में पहुंचे और लोगों को भरोसा दिलाया कि पुलिस निष्पक्ष तरीके से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच बिना किसी दबाव के आगे बढ़ रही है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि जांच में जिन भी लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने पीड़ित परिवार को एफआईआर की प्रति भी सौंपी तथा पुलिस के ऊपर लगे आरोपों का खंडन किया।वहीं पीड़ित परिवार ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि उन्होंने मेहनत-मजदूरी कर बड़ी मुश्किल से सुकर पालन केंद्र खड़ा किया था। केंद्र के टूट जाने से उनका रोजगार पूरी तरह प्रभावित हो गया है और परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ितों ने प्रशासन से न्याय की मांग की है।बैठक में प्रमुख सोनी लकड़ा, पंचायत समिति सदस्य शांति देवी, पालकोट दक्षिणी की मुखिया जसीनता मिंज, सांसद प्रतिनिधि बसंत गुप्ता, विराज नायक, रवि नायक, उस्मन नायक, योगेश नायक, प्रेमलाल नायक, समीर सहित हरिजन बस्ती के कई महिला-पुरुष मौजूद रहे।घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।