ओमप्रकाश तिवारी 
मोतिहारी, 12 जून। समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में शुक्रवार को सदर अनुमंडल अनुश्रवण समिति की बैठक अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहारा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मोतिहारी के विधायक प्रमोद कुमार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, राशन कार्ड, ई-केवाईसी तथा घरेलू एवं व्यावसायिक गैस आपूर्ति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि सदर अनुमंडल क्षेत्र में जून माह के खाद्यान्न वितरण का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि करीब 84 प्रतिशत लाभुकों का ई-केवाईसी भी संपन्न हो चुका है।
अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जून माह का शेष खाद्यान्न वितरण जल्द से जल्द पूरा किया जाए तथा जिन लाभुकों का ई-केवाईसी नहीं हुआ है, उनका कार्य अभियान चलाकर पूर्ण कराया जाए।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने घरेलू और व्यावसायिक गैस की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही नए राशन कार्ड बनाने तथा राशन कार्ड में नाम जोड़ने से संबंधित लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन पर बल दिया गया।
एसडीओ ने बताया कि पात्र लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने के साथ-साथ अपात्र कार्डधारियों की पहचान कर उन्हें नोटिस जारी किया जा रहा है तथा नियमानुसार राशन कार्ड रद्द करने की कार्रवाई भी तेज गति से की जा रही है।
बैठक में 17 एवं 18 जून को प्रखंड स्तर पर आयोजित होने वाले ‘प्रखंड सहयोग-सह-जनकल्याण शिविर’ की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
अंत में अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को खाद्यान्न वितरण और छूटे हुए राशन कार्डधारियों के ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने का निर्देश देते हुए बैठक का समापन किया