हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने आज चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर अनुसूचित जाति समाज के विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत बैठक कर कर्मचारियों के सेवा नियमों, पदोन्नति, प्रशासनिक प्रक्रियाओं तथा अन्य सेवा संबंधी विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और सुझावों से मंत्री को अवगत कराया।
कृष्ण लाल पंवार ने सभी प्रतिनिधियों की बात गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनी और कहा कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में कर्मचारियों के हितों की रक्षा, पारदर्शी प्रशासन और न्यायसंगत सेवा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी शासन व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी के साथ न्याय होना चाहिए तथा सेवा नियमों का पालन पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाना आवश्यक है। कर्मचारी संगठनों द्वारा बैठक में उठाए गए सभी विषयों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ चर्चा कर नियमानुसार उचित एवं सकारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सरकार कर्मचारियों के सुझावों का सम्मान करती है और संवाद के माध्यम से समस्याओं के समाधान में विश्वास रखती है।
पंवार ने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए समान रूप से कार्य कर रही है। अनुसूचित जाति समाज के कर्मचारियों के हितों एवं उनके अधिकारों की सुरक्षा के लिए सरकार पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि वे अपने सुझाव रचनात्मक रूप से सरकार तक पहुंचाते रहें, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनहितैषी बनाया जा सके।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस अवसर पर अनुसूचित जाति समाज के विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने सेवा नियमों से जुड़े अनेक विषयों पर अपने सुझाव साझा किए तथा मंत्री द्वारा उनकी बात गंभीरता से सुनने और सकारात्मक आश्वासन देने पर आभार व्यक्त किया।