दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा :जामताड़ा जिले के करमाटांड़ प्रखंड के युवा प्रतिभा शोएब शमा ने अंतरराष्ट्रीय तकनीकी मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जामताड़ा का नाम रोशन किया है। शोएब ने प्रतिष्ठित मेटा ग्लोबल हैकाथॉन में ऑल इंडिया रैंक-1 तथा ग्लोबल रैंक-7 हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। शोएब शमा, करमाटांड़ के सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद अबू शमा के पुत्र हैं। सीमित संसाधनों वाले छोटे शहर से निकलकर उन्होंने यह साबित किया है कि मेहनत और लगन से वैश्विक स्तर पर भी पहचान बनाई जा सकती है। उनकी इस सफलता से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। शोएब ने जेईई मेन परीक्षा में सफलता प्राप्त कर दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में प्रवेश लिया था।पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने तकनीकी क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ बनाई और विश्वविद्यालय की टेक्निकल सोसाइटी के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। उनकी उपलब्धियों में मेटा ग्लोबल हैकाथॉन के अलावा ईवाई मशीन लर्निंग प्रतियोगिता में ऑल इंडिया रैंक-1 तथा वर्ल्ड्स बेस्ट क्विज़र अवॉर्ड प्रमुख हैं। इसके साथ ही वे यूनाइटेड नेशंस अकैडमिक इम्पैक्ट की मिलेनियम फेलोशिप से भी जुड़े रहे हैं, जहां उन्होंने सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों में योगदान दिया शोएब ने स्प्रिंकलर जैसी वैश्विक कंपनी में इंटर्नशिप की और वर्तमान में रिपलिंग जैसी अंतरराष्ट्रीय टेक कंपनी से जुड़े हुए हैं। वे कई प्रतिष्ठित संस्थानों में अतिथि वक्ता के रूप में छात्रों को मार्गदर्शन भी दे रहे हैं।उनकी इस सफलता पर जिलेभर में हर्ष का माहौल है।विशेषज्ञों का मानना है कि शोएब शमा की उपलब्धि जामताड़ा और झारखंड के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है, जो यह संदेश देती है कि छोटे शहरों से भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं।