दिनबंधु राउत / जामताड़ा :जामताड़ा प्रखंड सभागार में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रविंद्र सोरेन की अध्यक्षता में प्रखंड एवं नगर पंचायत क्षेत्र के जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राशन वितरण व्यवस्था, लंबित प्रतिवेदन, खाद्यान्न उठाव तथा लाभुकों को समय पर अनाज उपलब्ध कराने समेत कई बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान पूर्व में दिए गए कार्यों से संबंधित प्रतिवेदन कार्यालय में जमा किए गए, जिसकी गहन समीक्षा की गई।प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी दुकानदारों को निर्देश दिया कि राशन कार्ड से जुड़े जितने भी लंबित प्रतिवेदन हैं, उन्हें अविलंब कार्यालय में जमा करें।इसके अलावा केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न मानकों के आधार पर कार्डधारियों के सत्यापन एवं निष्पादन से संबंधित रिपोर्ट भी जल्द जमा करने का निर्देश दिया गया। इनमें कार्य निष्पादन संकेतक, करदाता विवरण, वस्तु एवं सेवा कर, वाहन स्वामित्व, कंपनी निदेशक विवरण, आयु प्रमाणन, आधार स्थिति, दोहरे राशन कार्ड तथा निष्क्रिय राशन कार्ड संबंधी आंकड़े शामिल हैं।रविंद्र सोरेन ने खाद्यान्न के नियमित उठाव और समय पर वितरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि लाभुकों को हर हाल में समय पर अनाज उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण का लक्ष्य शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राशन वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा बैठक के दौरान जन वितरण दुकानदारों ने वितरण कार्य में आ रही तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं को पदाधिकारी के समक्ष रखा। दुकानदार संघ की ओर से बकाया कमीशन भुगतान की मांग प्रमुखता से उठाई गई।दुकानदारों ने कहा कि लंबे समय से कमीशन भुगतान लंबित रहने के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में दुकानदार संघ के मीडिया प्रभारी देव कुमार साव, सोहन राम, विनय भगत, महेंद्र यादव, कृष्णा मुर्मू, नरेश जैन, दीपिका दास, कृष्णा घोषाल, श्याम पासवान, अरुण साहू, शंभू रविदास, दीपू गुप्ता, कमल पंडित, सचिन सेन, अनिल साहू सहित कई दुकानदार उपस्थित थे।