जितेंद्र कुमार दास

तोपचांची: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को तोपचांची थाना एवं हरिहरपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
तोपचांची थाना में आयोजित बैठक में बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान बताया गया कि तोपचांची थाना क्षेत्र में कुल 16 लाइसेंसी ताजिया एवं हरिहरपुर थाना क्षेत्र में 14 लाइसेंसी तथा 3 गैर-लाइसेंसी ताजिया हैं।
प्रमुख आनंद महतो ने कहा कि जहां-जहां ताजिया का मिलन कार्यक्रम होगा, वहां पुलिस बल की तैनाती रहेगी। उन्होंने सभी लोगों से मोहर्रम का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
अंचल अधिकारी (सीओ) नीलू टुडू ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मोहर्रम के दौरान डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। यदि कहीं डीजे बजाया गया तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने का भी निर्देश दिया।
तोपचांची थाना प्रभारी लव कुमार ने कहा कि सभी लोग प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से मोहर्रम मनाएं।
एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या उस पर ध्यान देने से बचें। यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मोहर्रम के दौरान नशे से दूर रहने और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए प्रेम एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।
वहीं हरिहरपुर थाना प्रभारी संतोष महतो ने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं आम लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
विधायक प्रतिनिधि जगदीश चौधरी ने कहा कि मोहर्रम आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक पर्व है, जिसे मिल-जुलकर मनाना चाहिए।
बैठक में प्रमुख आनंद महतो, सीओ नीलू टुडू,तोपचांची थाना प्रभारी लव कुमार, हरिहरपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार महतो,विधायक प्रतिनिधि जगदीश चौधरी, सांसद प्रतिनिधि हनी नारंग, पुलिस निरीक्षक असीम टोपनो, मुखिया गुलाम सरवर खान, जाबिर अंसारी, अहमद अली सहित कई जनप्रतिनिधि, मुखिया एवं समाजसेवी उपस्थित थे।