एसपी सिद्धांत जैन के नेतृत्व में टोहाना लूट कांड का खुलासा, मुठभेड़ के बाद दो कुख्यात बदमाश काबू, एक आरोपी पहले ही पुलिस गिरफ्त में
टोहाना/फतेहाबाद (सुनील सम्भ्रवाल): सीआईए टोहाना पुलिस ने टोहाना बस अड्डा के सामने स्थित करियाणा स्टोर में फायरिंग कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों के विरुद्ध बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 04.02.2025 को सायं लगभग 6:30 से 6:45 बजे के मध्य टोहाना बस स्टैंड के सामने स्थित थौक करियाणा विक्रेता गौरव ट्रेडिंग कंपनी की दुकान पर तीन युवकों द्वारा पिस्तौल के बल पर सशस्त्र लूट की गंभीर वारदात को अंजाम दिया गया था।
घटना के समय दुकान मालिक धीरज मैहता अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन युवक दुकान में घुसे और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए नगदी सौंपने की मांग की। हथियार देखकर दुकानदार घबरा गया और डर के कारण लगभग ₹1.50 लाख नकद आरोपियों को सौंप दिए। लूट की वारदात को अंजाम देने के पश्चात आरोपी हवाई फायर करते हुए मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सीआईए टोहाना एवं थाना शहर टोहाना की पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रारंभ की गई।
लूट के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए डीएसपी टोहाना उमेद सिंह के नेतृत्व में चार विशेष पुलिस टीमें गठित कर सक्रिय की गईं।
दिनांक 05.02.2026 को मुखबिर की सूचना के आधार पर लूट के एक आरोपी उदित पुत्र सुभाष, निवासी टोहाना को काबू किया गया। पुलिस से बचने के प्रयास में आरोपी भागते हुए गिर गया, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। पूछताछ के दौरान आरोपी से उसके दो अन्य साथियों की पहचान हुई, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही थी।
दिनांक 06.02.2026 को आरोपी कमल उर्फ बच्ची द्वारा अपने इंस्टाग्राम आईडी पर लूट की घटनाओं को लेकर धमकी भरी पोस्ट डाली गई, जिस पर पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम ने तुरंत संज्ञान लेते हुए तकनीकी जानकारी जुटाई और आरोपियों की तलाश को और तेज कर दिया।
दिनांक 07.02.2026 को प्रातः सीआईए टोहाना की टीम को सूचना मिली कि दो आरोपी टाउन पार्क, टोहाना के पास मोटरसाइकिल पर सवार होकर घूम रहे हैं। पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी तथा पुलिस वाहन को निशाना बनाया।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें दोनों आरोपी कमल उर्फ बच्ची एवं मोनू उर्फ मोनी के पैरों में गोलियां लगीं। दोनों आरोपियों को घायल अवस्था में नागरिक अस्पताल टोहाना लाया गया, जहां से उन्हें अग्रवाल मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा रेफर कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि आरोपी कमल उर्फ बच्ची के विरुद्ध पूर्व में भी बी-13 पर फायरिंग कर फिरौती मांगने का मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अन्य आपराधिक रिकॉर्ड भी अंकित पाए गए हैं।
पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच जारी है तथा जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आपराधिक रिकॉर्ड विवरण
1. मोनू उर्फ मोनी पुत्र भीरा
निवासी – तिलक नगर, टोहाना
• मु.न. 442, दिनांक 08.08.2024, धारा 115(2), 126(2), 324(6), 332(C), 351(2), 3(5) BNS, थाना शहर टोहाना
• मु.न. 446, दिनांक 12.08.2024, धारा 25/54/59 आर्म्स एक्ट, थाना शहर टोहाना
• मु.न. 612, दिनांक 04.11.2023, धारा 25/54/59 आर्म्स एक्ट, थाना शहर टोहाना
• मु.न. 41, दिनांक 04.02.2026, धारा 309(4), 311, 351(2), 109, 3(5) BNS एवं 25/27/54/59 आर्म्स एक्ट, थाना शहर टोहाना
2. कमल उर्फ बच्ची पुत्र महाबीर सिंह
निवासी – भूना रोड, गीता कॉलोनी, टोहाना
• मु.न. 708, दिनांक 17.12.2023, धारा 387, 285, 506, 34 IPC एवं 25/54/59 आर्म्स एक्ट, थाना शहर टोहाना
• मु.न. 289, दिनांक 18.12.2025, धारा 115/126/190/191(2)/351(3)/117(2) BNS, थाना उकलाना, हिसार
Raftaar Media | सच के साथ